राठ: जिंदगी और मौत के बीच चार माह चली जंग, अंत में बुझ गया घर का इकलौता चिराग
राठ। हमीरपुर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने चार माह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह झांसी में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राठ नगर के पठानपुरा मोहल्ला निवासी दीपक राजपूत (27) 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे धनौरी गांव से कार द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबे पैलेस के पास घने कोहरे के चलते सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें झांसी भेज दिया गया था।
करीब चार महीने तक इलाज चलने के बावजूद मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दीपक जिंदगी की जंग हार गए।
बताया गया है कि दीपक अपने पिता अशोक राजपूत के इकलौते पुत्र थे और खेती में उनका सहयोग करते थे। उनकी असमय मौत से मां रामदेवी, पत्नी खुशबू और तीन वर्षीय बेटे मानस का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।