लोकतंत्र की ह-त्या कर रही है भगवंत मान सरकार, बहुमत होने के बावजूद अबोहर ब्लॉक समिति की बैठक तीसरी बार रद्द: संदीप जाखड़
लोकतंत्र की ह-त्या कर रही है भगवंत मान सरकार, बहुमत होने के बावजूद अबोहर ब्लॉक समिति की बैठक तीसरी बार रद्द: संदीप जाखड़
अबोहर: विधायक संदीप जाखड़ ने राज्य की भगवंत मान सरकार और प्रशासनिक मशीनरी पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज अबोहर ब्लॉक समिति की तीसरी बैठक भी सरकार के दबाव में बिना किसी ठोस कारण के रद्द कर दी गई, जो सीधे तौर पर जनादेश का अपमान है। जाखड़ ने स्पष्ट किया कि उनके पास 9 वोटों का पूर्ण समर्थन है, जिसमें शिरोमणि अकाली दल के 3, आम आदमी पार्टी के 3 और कांग्रेस के 2 सदस्य साथ खड़े हैं। इसके बावजूद, हार के डर से बौखलाई सरकार चुनाव प्रक्रिया को बार-बार बाधित कर रही है।
विधायक ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब अबोहर की जनता ने भाजपा और सहयोगी दलों को अपना स्पष्ट जनादेश दिया है, तो सरकार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया में बाधा नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बैठकों के लगातार रद्द होने से गांवों के विकास प्रस्ताव लटके हुए हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। जाखड़ ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए गए और निर्वाचित सदस्यों को उनके अधिकार नहीं दिए गए, तो वे जनता की आवाज बुलंद करने के लिए कड़ा रुख अख्तियार करेंगे। उन्होंने मांग की कि प्रशासन राजनीतिक दबाव से बाहर निकलकर अपनी जिम्मेदारी निभाए ताकि गांवों के विकास का पहिया फिर से घूम सके।