logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ग्राम चौपाल के जरिए किसानों की समस्याओं का होगा समाधान 23 से 28 फरवरी के बीच 12 गांवों में आयोजित होंगे कार्यक्रम

ग्राम चौपाल के जरिए किसानों की समस्याओं का होगा समाधान

23 से 28 फरवरी के बीच 12 गांवों में आयोजित होंगे कार्यक्रम



जय प्रकाश त्रिपाठी

जिला संवाददाता,

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर, फरवरी 2026। चकबन्दी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद के 12 ग्रामों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय चकबन्दी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में लिया गया है, जिसके तहत किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के मध्य विभिन्न तहसीलों के चयनित ग्रामों में चौपाल लगाई जाएगी। इन चौपालों की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/उप संचालक चकबन्दी द्वारा की जाएगी, जबकि बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी एवं संबंधित चकबन्दी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

अधिकारियों के अनुसार ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य चकबन्दी कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना, किसानों से फीडबैक लेना तथा विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराना है। इससे जहां एक ओर किसानों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर चकबन्दी योजना के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होगा।

इन ग्रामों में लगेगी चौपाल

रोस्टर के अनुसार ग्राम पाली, सिकटा, पैडी खुर्द, त्रिलोकपुर (तहसील बांसी), बढनी चाफा, गोपिया, राउतडीला (तहसील डुमरियागंज), जगमोहनी, रूद्रमनडाडी, धौरीकुईया (तहसील नौगढ) तथा सेमरी व चौरथरी (तहसील इटवा) में अलग-अलग तिथियों पर चौपाल आयोजित की जाएगी।

चौपाल पंचायत भवन या ग्राम के प्रमुख स्थलों पर निर्धारित समयानुसार आयोजित होगी, जहां किसान अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

किसानों से की गई अपील

प्रशासन ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे अपने-अपने गांव में आयोजित होने वाली चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और चकबन्दी से संबंधित समस्याओं व सुझावों को साझा करें, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।

(डॉ0 ललित कुमार मिश्रा)

बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, सिद्धार्थनगर

2
1161 views

Comment