logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

छतरपुर नगर पंचायत के विकास को मिलेगा नया आयाम: वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर

छतरपुर के विधायक सह झारखंड सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर के छतरपुर आगमन पर नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन के कार्यालय में उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ने मंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं मंत्री ने भी नगर अध्यक्ष को अंगवस्त्र प्रदान कर हाल ही में हुए निर्वाचन में उनकी जीत की बधाई दी।

इस मौके पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत को सुंदर, स्वच्छ और समृद्ध नगर बनाने के लिए सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समन्वय और सहभागिता के साथ काम करते हुए नगर के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित किया जाएगा।


नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छतरपुर नगर के समग्र विकास के लिए उनका मार्गदर्शन और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के अनुभव और प्रेरणा से नगर पंचायत की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।


इस दौरान नगर अध्यक्ष ने छतरपुर नगर को विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाने की अपनी परिकल्पना से भी मंत्री को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और नगर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। नगर अध्यक्ष ने कहा कि जनता का विश्वास और वरिष्ठजनों का आशीर्वाद उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर स्थानीय युवा, गणमान्य नागरिक और पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लोगों ने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में छतरपुर नगर पंचायत का सर्वांगीण विकास होगा।

0
0 views

Comment