logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व समाज कार्य दिवस के अवसर पर पैलिएटिव केयर विषय पर कार्यशाला का आयोजन


खानपुर कलां-17 मार्च। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग द्वारा 'विश्व समाज कार्य दिवस 2026' के अवसर पर कैंसर पीड़ितों के लिए पैलिएटिव केयर विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला कैन सपोर्ट संस्था, नई दिल्ली के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. दीपाली माथुर, विभागाध्यक्ष, समाज कार्य विभाग द्वारा की गई, उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम के बारे मे विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सवेरा अहमद ने पैलिएटिव केयर के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के शारीरिक दर्द, मानसिक तनाव को कम करके उनके जीवन की गुणवत्ता को सुधारने वाली विशेष चिकित्सा हैं। उन्होंने बताया कि भारत में हर वर्ष लाखों नए कैंसर के मामले सामने आते हैं, जिनमें से बड़ी संख्या ऐसे मरीजों की होती है जिन्हें पैलिएटिव केयर की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि समाज में आज भी कैंसर को लेकर भय, गलत धारणाएं और सामाजिक दूरी देखने को मिलती है, जिससे मरीज और उनके परिवार मानसिक रूप से प्रभावित होते हैं।
उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से समझाया कि घर पर आधारित देखभाल, दर्द प्रबंधन तथा जीवन के अंतिम चरण में गरिमापूर्ण देखभाल अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला की दूसरी वक्ता सुश्री अनामिका पांडेय ने मनोसामाजिक परामर्श में संचार कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों के साथ-साथ उनके परिवारों को भी भावनात्मक और मानसिक सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य सहायता तथा समुदाय आधारित देखभाल के दौरान उचित एवं प्रभावी संचार के महत्व को विस्तार से समझाया।
उन्होंने बताया कि सही परामर्श और समर्थन के माध्यम से मरीजों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सकता है तथा उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों से उभरने में सहायता मिलती है। उन्होंने संचार कौशल के प्रकार, तकनीकों एवं उपयोग के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम के अंत में श्री सोहन लाल, कार्यशाला समन्वयक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज कार्य विभाग से प्रो मंजू पंवार, डॉ दीपाली माथुर, डॉ ज्ञान मेहरा, श्रीमती लूसी एवं मनोविज्ञान विभाग से श्रीमती तान्या एवं श्री संदीप और दोनों विभाग की छात्राएं उपस्थित रही।
फोटो कैप्शन :-02 कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागी व अतिथि।

1
0 views

Comment