सप्त दिवसीय कानूनी जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां के विधि विभाग के लीगल एड सेंटर द्वारा एक सप्त दिवसीय कानूनी जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना एवं छात्राओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना रहा।शिविर के अंतर्गत विधि विभाग की छात्राओं ने गांव शामड़ी स्थित नीलकमल स्कूल में जाकर वहां के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को महिलाओं के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। छात्राओं ने सरल एवं प्रभावशाली तरीके से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कानून और अधिकारों को प्रस्तुत किया, जिससे बच्चों और ग्रामीणों को विषय को समझने में आसानी हुई।इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ सीमा दहिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कानूनी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से ऐसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों, विशेषकर घरेलू हिंसा से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को समझने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में भी सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु आगे आने का संदेश दिया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ अलका भारती एवं डॉ अर्चना मलिक ने बच्चों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए समानता, महिला सम्मान और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।यह शिविर न केवल छात्राओं के लिए एक व्यावहारिक अनुभव रहा, बल्कि समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुआ।फोटो कैप्शन :- 01 कानूनी जागरूकता शिविर के दौरान महिला विश्वविद्यालय की छात्राएं व स्कूल के विद्यार्थी।