देहरादून बैठक में बड़ा निर्णय: दीपक नेगी बने प्रदेश मुख्य संरक्षक, ACP पर सख्त रुख
लाडपुर, देहरादून | 16 मार्च 2026
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन उत्तराखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की एक अहम बैठक देहरादून के लाडपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष योगेश भारती ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री विनीत कुमार गौड़ द्वारा किया गया।
बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकारिणी के विस्तार और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष योगेश भारती ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य गठन के वर्षों बाद भी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संवर्ग का ढांचा स्वीकृत नहीं हो पाया है, जो कि गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने इस मुद्दे पर शासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी व्यक्त की।
बैठक में ACP (Assured Career Progression) का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि कई अधिकारियों को अब तक ACP का लाभ नहीं मिला है। इस पर निर्णय लिया गया कि निदेशालय स्तर पर जल्द पत्राचार किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी पात्र अधिकारियों को ACP का लाभ नहीं दिया गया, तो उच्च स्तर पर वार्ता कर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसके अलावा बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की वरिष्ठता सूची को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग भी उठाई गई। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को कार्य सुविधा के लिए एक पंचायत सहायक उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि कार्यों का सुचारू संचालन हो सके।
बैठक का सबसे बड़ा निर्णय संगठनात्मक स्तर पर लिया गया, जिसमें दीपक नेगी को प्रदेश मुख्य संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस घोषणा के बाद उपस्थित सदस्यों ने खुशी जताई और विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनेगा।
बैठक में विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से योगेंद्र राणा, सतवीर सिंह रावत, पंकज उनियाल, दीपक देवलीयाल, अनूप सिंह रावत, विपुल ठंडरियाल, पवन कुमार, भास्कर जोशी, नितिन जोशी, चंद्र प्रकाश जोशी, केशव चंद्र जोशी, शंकरदीप सैनी, विजय टम्टा, शार्दुल तड़ागी और विकास ढुमका सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।