अलग-अलग स्थानों से दो नशे के सौदागर गिरफ्तार, इंजेक्शन, मोबाइल व मोटरसाइकिल सहित 1.43 लाख की संपत्ति जप्त
नशा मुक्त अभियान में चिरमिरी पुलिस का बड़ा प्रहार : दो अलग-अलग स्थानों से दो नशे के सौदागर गिरफ्तार, इंजेक्शन, मोबाइल व मोटरसाइकिल सहित 1.43 लाख की संपत्ति जप्त
(छत्तीसगढ़) जिला:- एम.सी.बी.दिनांक 15/03/2026को चिरमिरी पुलिस का बड़ा प्रहार : दो अलग-अलग स्थानों से दो नशे के सौदागर गिरफ्तार, चिरमिरी। क्षेत्र में तेजी से फैल रहे सूखा नशा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चिरमिरी पुलिस ने नशा मुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से नशीले इंजेक्शन का अवैध कारोबार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले इंजेक्शन, महंगे मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल सहित लगभग 1,43,000 रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की है। जप्त मोबाइल फोन के माध्यम से पुलिस इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और संलिप्त लोगों तक पहुंचने की जांच में जुट गई है।
श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज सरगुजा एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक, जिला एम.सी.बी. के निर्देशन में जिले भर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही चिरमिरी क्षेत्र में युवाओं को नशे की गिरफ्त में लेने वाले सूखा नशा के मकड़जाल को तोड़ने के लिए विशेष रूप से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय एवं श्रीमान नगर पुलिस अधीक्षक महोदय, चिरमिरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चिरमिरी उपनिरीक्षक विजय सिंह द्वारा विशेष टीम गठित कर दिनांक 15 मार्च 2026 को कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान संभु चौक, छोटी बाजार निवासी विवेक पटेल पिता स्व. राजकुमार पटेल उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से चिरमिरी क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री में संलिप्त था। आरोपी के कब्जे से 15 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन एवं 15 नग अविल इंजेक्शन जप्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9,000 रुपये है। साथ ही आरोपी के पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10,000 रुपये) भी जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
इसी क्रम में पुलिस ने हिरागीर निवासी विश्वास कुमार पिता विपिन सिंह को भी गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 18 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन एवं 18 नग अविल इंजेक्शन जप्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10,800 रुपये है। आरोपियों के पास से एक आईफोन (कीमत लगभग 60,000 रुपये) एवं एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 75,000 रुपये) भी जप्त की गई।
दोनों प्रकरणों में कुल मिलाकर लगभग 1,43,000 रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। जप्त मोबाइल फोन के माध्यम से नशीले इंजेक्शन के सप्लायर, लेन-देन तथा इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिनके विरुद्ध भी शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी चिरमिरी उपनिरीक्षक विजय सिंह, सउनि विपिन मिज, चित्रभान सिंह, नईम खान, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक अशोक एक्का, भगत सिंह, चंद्रसेन राजपूत, प्रमोद साहू एवं महिला आरक्षक राजेन्द्र कुमारी का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
चिरमिरी पुलिस द्वारा क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सतत, सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि समाज विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।