निर्माणाधीन मकान में मां-बेटे की निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी
प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव में सोमवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। निर्माणाधीन मकान में रह रही महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की अज्ञात हमलावरों ने सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान शिवपति (40) के रूप में हुई है, जो अपने 13 वर्षीय बेटे औरम मौर्य के साथ घर पर रहकर खेतीबाड़ी करती थी। बताया जा रहा है कि परिवार का निर्माणाधीन मकान बन रहा था, जिसमें मां-बेटा रह रहे थे। देर रात अज्ञात हमलावरों ने दोनों पर हमला कर दिया और सिर कुचलकर हत्या कर दी।
मृतका की तीन बेटियां रुचि, रूबी और अंशिका मौर्य शहर में रहकर नौकरी के साथ पढ़ाई कर रही हैं, जबकि पति दिनेश मौर्य मुंबई में रहकर काम करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। सदर विधायक राजेंद्र मौर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, सीओ सिटी प्रशांत इंदु, और अंतू थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
गोविंद राज
प्रतापगढ़