ताजमहल की हरियाली ने किया प्रेरित, पीपल मैन ने विश्व से किया प्रकृति बचाने का आह्वान
आगरा। विश्व प्रसिद्ध धरोहर ताजमहल का भ्रमण करने पहुंचे पीपल मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी डॉ. रघुराज प्रताप सिंह ने ताजमहल परिसर की सुंदरता और वहां की हरियाली की सराहना करते हुए पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ताजमहल के ऐतिहासिक परिसर में घूमते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इस अद्भुत धरोहर को सदियों से संभालकर रखा गया है, उसी प्रकार पृथ्वी की हरियाली और प्रकृति की रक्षा करना भी आज मानवता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
डॉ. रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि ताजमहल के आसपास की हरियाली यह संदेश देती है कि विकास और प्रकृति साथ-साथ चल सकते हैं। यदि दुनिया के लोग अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लें तो पृथ्वी को फिर से हरा-भरा बनाया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वृक्षारोपण को एक जन आंदोलन बनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करें।