दिव्यांग कल्याण एवं विकास परिषद की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की ऑनलाइन बैठक सम्पन्न
दिव्यांग पेंशन, रोजगार और अधिकारों के संरक्षण पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
बड़वानी।दिव्यांग कल्याण एवं विकास परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह तंवर ने की।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव श्री अजमेर सिंह पाल, राष्ट्रीय कार्यकर्ता एवं भोपाल जिला अध्यक्ष श्री गुलाब सिंह जी मेवाड़ा, श्री कमल किशोर जी राठौड़ प्रदेश संरक्षक, श्रीमती उमा चौरसिया महिला मंडल सलाहकार प्रदेश, श्री कमलेश राठौर जी प्रदेश प्रभारी, श्री आर. जी. सोनी प्रदेश सलाहकार, सुश्री राधा बडगुर्जर राष्ट्रीय कार्यकर्ता एवं मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम कैप्टन, बलराम यादव राष्ट्रीय कार्यकर्ता, तथा चतरसिंह गेहलोत जी राष्ट्रीय महामंत्री सम्मिलित रहे।
बैठक के दौरान देश एवं प्रदेश के दिव्यांगजनों की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चर्चा की गई। विशेष रूप से दिव्यांग पेंशन की व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। सभी पदाधिकारियों ने दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर परिषद की आगामी राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय बैठकों के आयोजन की तिथि तथा कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा की गई। सभी साथियों ने पूरे उत्साह और मनोयोग से बैठक में भाग लेकर संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक का वातावरण अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक रहा। अंत में यह संकल्प लिया गया कि आगामी बैठकों में परिषद के अधिक से अधिक सक्रिय सदस्य जुड़कर दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इसी सकारात्मक भावना के साथ बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।