लोक कलां उत्सव के लिए असम की टीम पहुंची, अभ्यास शुरू
खानपुर कलां, 16 मार्च।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में छात्र कल्याण अधिष्ठाता विभाग एवं धर्म पुत्र कला मंच, गोहाना के संयुक्त तत्वाधान से 17 मार्च से 19 मार्च तक तीन दिवसीय मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम “लोक कला उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव में देश भर के विभिन्न राज्यों से लोक कलाकारों की टीमें भाग लेंगी और अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, लोक नृत्य एवं लोक संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।कार्यक्रम की तैयारियां विश्वविद्यालय परिसर में जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में असम राज्य की सांस्कृतिक टीम विश्वविद्यालय परिसर में पहुँच चुकी है। टीम के कलाकारों ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए अभ्यास भी शुरू कर दिया है। जिससे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है।अभ्यास के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. श्वेता सिंह ने कलाकारों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “लोक कला उत्सव” का उद्देश्य देश की विविध लोक संस्कृतियों को एक मंच पर लाना तथा छात्राओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उत्सव विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक समरसता और रचनात्मक ऊर्जा का नया वातावरण बनाएगा।उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय उत्सव में विभिन्न राज्यों की टीमें अपने पारंपरिक लोक नृत्य, लोक गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी, जिससे दर्शकों को भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन और आयोजक मंडल द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कलाकारों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई हैं।“लोक कलां उत्सव” के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और छात्राओं को देश की विभिन्न लोक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर प्राप्त होगा।फोटो कैप्शन :- 01 विवि परिसर में अभ्यास करते कलाकार। 02 असम की टीम के साथ प्रो श्वेता सिंह व धर्म पुत्र कला मंच के अधिकारी मनोज जाले।