विधानसभा चुनाव घोषणा से पहले ममता बनर्जी का बड़ा धमाका, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बकाया DA
कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से महज कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। पुरोहितों और मुअज्जिनों के मानदेय में वृद्धि के बाद, मुख्यमंत्री ने अब राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बकाया महंगाई भत्ता (DA) देने की ऐतिहासिक घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारी 'मां-माटी-मानुष' सरकार ने अपने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों से किया वादा पूरा कर दिया है। इसके साथ ही पंचायत, नगर निगम और अन्य अनुदान प्राप्त संस्थानों के कर्मियों को भी इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 'ROPA 2009' के तहत बकाया डीए का भुगतान मार्च 2026 से शुरू हो जाएगा। वित्त विभाग जल्द ही भुगतान की प्रक्रिया और तौर-तरीकों को लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी करेगा। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को चुनाव से ठीक पहले मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है, जिससे सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही नाराजगी को दूर करने की कोशिश की गई है।