उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत परीक्षा आयोजित
शाहजहांपुर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर रविवार को उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षर पुरुषों व महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पढ़ने-लिखने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार की योजना के तहत असाक्षर वयस्कों को साक्षर बनाने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत विभिन्न विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाकर साक्षरता परीक्षा कराई गई।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया गया। बीएसए दिव्या गुप्ता ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बीईओ मुख्यालय सुरेन्द्र मौर्य सहित खंड शिक्षा अधिकारियों व एआरपी ने भी केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
अधिकारियों ने साक्षरता अभियान को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे सफल बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।