बेंगलुरु से श्री सोनाणा खेतलाजी मेले के लिए भक्तों का जत्था रवाना, 17 मार्च को पहुंचेगा दरबार
बेंगलुरु: श्री सोनाणा खेतलाजी के भव्य मेले में शामिल होने के लिए शनिवार को बेंगलुरु से भक्तों का एक जत्था श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। भक्तराज रमेशजी भंडारी अपने भक्तों के साथ खेतलाजी धाम के लिए प्रस्थान किए। इस अवसर पर श्री सोनाणा खेतलाजी भक्त परिवार की ओर से रमेशजी भंडारी का माला पहनाकर तथा साफा बांधकर पारंपरिक तरीके से भव्य विदाई दी गई।
विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। भक्तों ने “जय खेतलाजी” के जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ किया और भगवान से समाज, परिवार तथा देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
जानकारी के अनुसार भक्तराज रमेशजी भंडारी 17 मार्च को श्री सोनाणा खेतलाजी दरबार पहुंचेंगे। वहीं 19 और 20 मार्च को खेतलाजी का भव्य वार्षिक मेला आयोजित होगा। इस मेले में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान खेतलाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मेले के दौरान धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग जाता है।
श्री सोनाणा खेतलाजी भक्त परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह मेला आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और भगवान के आशीर्वाद से अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।
इस अवसर पर रमेशजी भंडारी के साथ बाबूलाल श्रीमाल, सम्पतराम भाटी, शांतिलाल सोनी, ललित भंडारी, जयपाल सोनीगरा, ओगडराम, लक्ष्मण खंडेलवाल, प्रकाश सोलंकी, राजीव सालेचा, गजेंद्र भाटी तथा हरिराम सहित कई अन्य भक्तगण मौजूद रहे। सभी श्रद्धालु खेतलाजी के जयकारों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक यात्रा के लिए रवाना हुए।
मेले को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से खेतलाजी दरबार पहुंचकर दर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं।