logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रोजा इफ्तार जैसे कार्यक्रम हिन्दू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की है मिसाल : माता प्रसाद पाण्डेय

जनपद सिद्धार्थनगर के नगर पंचायत बढ़नी में पेट्रोल पम्प के समीप समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा 'मशाल' के संयोजन में शनिवार को एक भव्य 'रोजा इफ्तार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस रोजा इफ्तार कार्यक्रम में विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उ0प्र0 माता प्रसाद पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं रोजा इफ्तार कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि रोजा इफ्तार जैसे कार्यक्रम हिन्दू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि “ऐसी आयोजनों से समाज में नफरत फैलाने वाली सियासी ताकतों को मुंह की खानी पड़ती है। समाजवादी पार्टी सदैव इस कोशिश में रहती है कि सदियों पुरानी एकता और भाईचारे का पैगाम जन-जन तक पहुंचे। एकता व भाईचारे के मिसाल देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने क्षेत्र में रसोई गैस (एलपीजी) की भारी किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम आदमी परेशान हैं और गैस एजेंसियों पर लम्बी कतारें लगी हैं, जिससे जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट भी या तो बन्द हो गये हैं या बंउद होने की कगार पर हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए झूठा प्रचार कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, जबकि हकीकत में कमर्शियल गैस की सप्लाई पूरी तरह ठप है। पूर्व विधायक प्रत्याशी सर्जन डॉ0 सरफराज अंसारी ने शनिवार को शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी में मणेन्द्र मिश्रा 'मशाल' जी के दावत-ए-इफ्तार में शिरकत होते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, मोहब्बत और सौहार्द का खूबसूरत माहौल देखने को मिला है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और आपसी सद्भाव को और मजबूत करते हैं। आयोजक मणेन्द्र मिश्रा 'मशाल' ने कहा कि यह पवित्र महीना भाईचारे, प्रेम, संयम और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का एक अवसर है। इफ्तार न केवल रोजा तोड़ना है, बल्कि समुदाय में आपसी समझ, कृतज्ञता और जरूरतमन्दों के प्रति सहानुभूति का सन्देश देने का एक माध्यम भी है। इस रोजा इफ्तार कार्यक्रम में सपा नेता भीष्म शंकर तिवारी, पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूर्व चेयरमैन निसार बागी, सागर पाठक, जावेद भाई, शकील शाह, सभासद निजाम, मो0 इब्राहिम, मसूद अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

0
0 views

Comment