अज्ञात कारणों से घर के अन्दर लगी आग, नगदी सहित घर में रखा सामान जलकर हुआ राख
थानाक्षेत्र ढेबरूआ के ग्राम पंचायत घरुआर गांव में शुक्रवार की बीती रात एक मकान में अज्ञात कारणों से लगी आग से घर के अन्दर कमरे में रखा नगदी सहित घर का सामान जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव निवासी पीड़ित राम मूरत गुप्ता ने बताया कि रोजाना की तरह खाना पानी खाकर पूरा परिवार घर के बरामदे में सो रहा था। तभी बीती रात करीब 1 बजे आंख खुली तो देखा कि एक कमरे में आग लगा हुआ है। फिर शोर मचाने पर आस पास के लोग जुट गये और आग बुझाने लगे। काफी मशक्कत के बाद गांव वालों की मदद से आग बुझाया गया, लेकिन तब तक घर के अन्दर रखा चावल, गेंहू, धान, डिलेवरी पाइप, कपड़ा, बर्तन, गैस चूल्हा व करीब 10,000/- रुपये नगदी सहित करीब लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। जिसकी तत्काल सूचना 112 नम्बर डायल कर दी गई थी। मौके पर पुलिस ने आकर जायजा लिया और राजस्व विभाग से लेखपाल ने मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर शासन प्रशासन से मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। उक्त सम्बन्ध में हल्का लेखपाल शोभित शर्मा ने बताया कि आग लगने से हुए नुकसान का रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों सहित शासन स्तर पर भेज दिया जायेगा। जो भी आर्थिक मदद होगी, वह पीड़ित परिवार को दिलाने का पूरा प्रयास किया जायेगा।