जिले का नाम रोशन करने वाले महेश और रोली का हुआ सम्मान, छात्रों को बताए सफलता के मंत्र
नानपारा मिहिपुरवा। लोक संघ आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने वाले गौरा पिपरा निवासी महेश जायसवाल और नगर पंचायत मिहिपुरवा निवासी रोली मदेशिया को शनिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने दोनों प्रतिभाशाली युवाओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
सम्मान समारोह के दौरान महेश जायसवाल और रोली मदेशिया ने उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए सफलता के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाने के लिए नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। दोनों ने छात्रों को समय का सही उपयोग करने, निरंतर अभ्यास करने और लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि इन युवाओं की सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी मेहनत कर अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।