BREAKING: पूरे देश में Indian Oil LPG Booking Service प्रभावित, IVR, App, Website और SMS सेवा ठप…
अमरोहा / विशेष संवाददाता:
देश की प्रमुख तेल कंपनी इंडियन ऑयल की एलपीजी गैस बुकिंग सेवाएं रविवार को तकनीकी कारणों से प्रभावित हो गईं, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं के अनुसार गैस बुकिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले IVR नंबर, मोबाइल एप, वेबसाइट के साथ-साथ SMS बुकिंग सेवा भी सही तरीके से काम नहीं कर रही है।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि जब उन्होंने इंडियन ऑयल के IVR नंबर 84549 55555 पर कॉल कर गैस बुकिंग कराने की कोशिश की तो सिस्टम उस नंबर को “इनवेलिड” बताने लगा। इसके अलावा मोबाइल एप में लॉगिन करने पर “High Booking Traffic” का संदेश दिखाई दे रहा है, जिसमें बताया गया है कि अचानक बुकिंग बढ़ने के कारण सिस्टम फिलहाल “लाइट मोड” में चल रहा है और कुछ सुविधाएं अस्थायी रूप से सीमित कर दी गई हैं।
उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस बुकिंग के लिए SMS भेजने की सुविधा भी कई जगह काम नहीं कर रही है, जिससे लोगों को गैस सिलेंडर बुक कराने में कठिनाई हो रही है।
सूत्रों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़े तनाव तथा खाड़ी क्षेत्र में बने हालात के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी चिंताएं बढ़ी हैं। कुछ जानकारों का मानना है कि इन परिस्थितियों के चलते लोगों द्वारा गैस सिलेंडर की बुकिंग में अचानक वृद्धि हुई है, जिससे सर्वर पर अत्यधिक लोड पड़ गया और बुकिंग सेवाएं प्रभावित हो गईं।
हालांकि इस संबंध में इंडियन ऑयल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि तकनीकी समस्या या सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण ऐसी स्थिति बन सकती है और आमतौर पर कुछ समय बाद सेवाएं सामान्य हो जाती हैं।
इस बीच उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें या अपने नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क करके बुकिंग कराएं।
(न्यूज़ बाईट / विशेष संवाददाता)