सोहागपुर में गैस का बड़ा खेला, आदेश के बावजूद होटल और ढाबो में धड़ल्ले से जल रहे घरेलू गैस सिलेंडर ।
सोहागपुर। प्रशासन की सख्ती के बावजूद सोहागपुर में गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल को लेकर बड़ा खेल सामने आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देश पर आयोजित बैठक में एसडीएम प्रियंका भलावी ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए और साफ कहा कि कमर्शियल सिलेंडर केवल जरूरी सेवाओं जैसे स्कूल और अस्पतालों को ही दिए जाएं, होटल-ढाबों को नहीं।
बैठक में HP Gas और Bharat Gas एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि एजेंसियों को हर दो दिन में गैस की नियमित सप्लाई मिल रही है और घरेलू सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद ही बुकिंग करने का नियम भी बताया गया।
लेकिन दूसरी तरफ स्थानीय बाजारों में हालात कुछ और ही दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों की मानें तो छोटे-बड़े होटल, ढाबे, चाय-नाश्ते की दुकानों और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल हो रहा है। इतना ही नहीं, कुछ जगहों पर घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी की भी चर्चा है, जहां एक सिलेंडर 1000 से 1500 रुपये तक ब्लैक में बेचा जा रहा है।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने बैठक में साफ चेतावनी दी कि यदि किसी हॉकर या वितरक की मिलीभगत से घरेलू गैस का कमर्शियल उपयोग या डायवर्जन पाया गया तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब प्रशासन की इस चेतावनी के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन की सख्ती के बाद गैस सिलेंडरों के इस कथित खेल पर रोक लग पाएगी या फिर जांच के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आएंगे।
Source fb