logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

UP में तेज हवाओं और बारिश से बदला मौसम, खेतों में तैयार फसल को लेकर चिंतित किसान

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर समेत आसपास के जिलों सीतापुर, हरदोई और बरेली में रविवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। रात से ही आसमान में घने बादल छा गए और तेज गति से हवाएं चलने लगीं। कई जगहों पर बूंदाबांदी भी शुरू हो गई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।

आसपास के ग्रामीण इलाकों में इस समय तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो रही है और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम के इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इस समय खेतों में गेहूं, सरसों और अन्य रबी फसलें पूरी तरह तैयार खड़ी हैं।

किसानों का कहना है कि उन्होंने करीब छह महीने की मेहनत से फसल तैयार की है। यदि इसी तरह तेज हवा और बारिश का दौर जारी रहा तो फसल गिरने और खराब होने का खतरा बढ़ जाएगा। किसानों के मुताबिक अगर ज्यादा बारिश या तेज आंधी आई तो खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम के शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले ही खेती की लागत काफी बढ़ चुकी है। महंगाई के दौर में बीज, खाद और डीजल के दाम बढ़ने से खेती करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में अगर मौसम की मार पड़ गई तो छह महीने की मेहनत पर पानी फिर सकता है।

फिलहाल शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं, तेज हवाएं चल रही हैं और हल्की बारिश भी जारी है। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और सभी की नजरें अब आने वाले मौसम पर टिकी हुई हैं।

0
24 views

Comment