समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जनमन योजना तथा धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान सहित आईटीडीए द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त द्वारा प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, बहुद्देशीय भवन, सड़कों का संपर्क पथ, छात्रावास निर्माण, ग्रामीण आवास, नल से जल योजना, विद्युतिकरण, मत्स्य विभाग की योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों को दी जाने वाली सहायता तथा पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों तथा विशेष रूप से संवेदनशील जनजाति समूहों को ध्यान में रखते हुए इन योजनाओं और अभियानों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान समेकित ग्रामीण विकास अभिकरण एवं अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसमें जनजातीय छात्र-छात्राओं को मिलने वाली प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, चिकित्सीय सहायता, बिरसा आवास, कब्रिस्तान घेराबंदी, सामुदायिक सरना-मसना स्थलों के संरक्षण एवं विकास, वनाधिकार पट्टा सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: आनंद किशोर