हाजीपुर में टीकाकरण जागरूकता को लेकर एक दिवसीय अभिसरण कार्यशाला आयोजित
हाजीपुर/प्रखंड क्षेत्र में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से शनिवार को हाजीपुर प्रखंड कार्यालय के सभा कक्ष में एक दिवसीय अभिसरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पी.सी.आइ. गावी परियोजना के माध्यम से आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने की, जबकि जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश के मार्गदर्शन में कार्यशाला संपन्न हुई। इस दौरान ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आईसीडीएस, जीविका, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण के आच्छादन को बढ़ाकर राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा निर्धारित 95 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना तथा प्रखंड क्षेत्र में जीरो डोज और टीकाकरण से इंकार करने वाले बच्चों की संख्या को शून्य करना है। जीरो डोज से आशय उन बच्चों से है जिन्हें एक वर्ष की आयु तक पेंटावेलेंट का एक भी टीका नहीं लगा हो। इसके साथ ही समुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि कोई भी अभिभावक अपने बच्चों को टीका लगवाने से इंकार न करें।
परियोजना के तहत प्रखंड क्षेत्र के गांवों में कुल 63 ऐसे बच्चों की पहचान की गई थी जिनके अभिभावक टीकाकरण से इंकार कर रहे थे। स्वास्थ्य कर्मियों, समुदाय के प्रभावशाली लोगों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से इन सभी बच्चों का टीकाकरण सफलतापूर्वक कराया गया है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। साथ ही विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने से टीकाकरण के आच्छादन को और बढ़ाया जा सकता है।
कार्यशाला में जिला समन्वयक दीपक कुमार ने पीपीटी के माध्यम से परियोजना की रूपरेखा और लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी, जबकि जेएसआई के सिद्धार्थ कुमार ने प्रखंड की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि टीकाकरण से इंकार करने वाले बच्चों की सूची संबंधित पंचायतों के मुखिया को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विकास मित्रों की मदद से सभी परिवारों को जागरूक कर बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय दास, स्वास्थ्य प्रबंधक आशीष कुमार, अर्चना कुमारी तथा ग्राम पंचायत राज सिन्दुआरी, अफजलपुर और विशनपुर सहित परियोजना क्षेत्र के कई मुखिया उपस्थित रहे। सभी ने कार्यशाला के उद्देश्यों को समझते हुए टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।