पीएम मोदी ने सिउड़ी रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन, अमृत भारत योजना के तहत मिली आधुनिक सुविधाएं
सिउड़ी-:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल को लगभग 18 हजार 700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। इसी क्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के छह पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया, जिनमें सिउड़ी स्टेशन भी शामिल है।
कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं में छह अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया गया, जिनमें कामाख्यागुड़ी, अनारा, तमलुक, हल्दिया, बराभूम और आसनसोल मंडल का सिउड़ी स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा बेलदा से दांतन के बीच तीसरी रेल लाइन और कलाईकुंडा से कानिमहुली के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए सिउड़ी स्टेशन पर यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, लिफ्ट और एस्केलेटर, फ्री वाई-फाई, बेहतर प्लेटफॉर्म और उन्नत यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
संग्राम मौर्य डीआरएम आसनसोल डिवीजन
“माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कई स्टेशनों का उद्घाटन किया गया है। हमारे मंडल का सिउड़ी स्टेशन भी इस योजना के तहत विकसित किया गया है। यहां यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।”
इस मौके पर स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और नए रूप में विकसित स्टेशन को देखने पहुंचे।