logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, विद्यार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

जमशेदपुर | रिपोर्ट: आनंद किशोर

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास तथा विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए बच्चों का बैंक खाता, आधार पंजीकरण एवं जन्म प्रमाण पत्र होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से मुसाबनी एवं चाकुलिया प्रखंड में बैंक, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों तथा प्रखंड प्रशासन को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। इन शिविरों के माध्यम से बच्चों का बैंक खाता खुलवाने, आधार पंजीकरण कराने तथा पंचायत सचिव द्वारा जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
बैठक में शिक्षा विभाग के कनीय अभियंताओं को भी निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में विभिन्न मदों से स्वीकृत आधारभूत संरचना के विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से फील्ड विजिट करें। अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए सख्त निर्देश देते हुए कहा गया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति को शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, विद्यार्थियों के लिए पोशाक एवं पुस्तक वितरण, सेंट्रलाइज्ड मिड-डे मील किचन के दायरे को बढ़ाने तथा विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए प्राथमिकता सूची तैयार करने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आशीष पांडेय सहित सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।

6
190 views

Comment