गोगामेड़ी अभिषेक हत्याकांड को लेकर धरना जारी,एसओजी जांच की मांग
गोगामेड़ी: अभिषेक हत्याकांड को लेकर धरना जारी, एसओजी जांच की मांग
गोगामेड़ी। विनोद खन्ना गोगामेड़ी पुलिस थाना के आगे संघर्ष समिति द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी लगातार जारी रहा।
ज्ञात रहे कि 5 मार्च 2026 को गोगामेड़ी पुलिस थाना के आगे इलाके की जनता द्वारा विशाल प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश ने मामले की जांच के लिए 10 दिन का समय मांगा था और आश्वासन दिया था कि 10 दिन के भीतर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा दी जाएगी।
लेकिन 15 मार्च 2026 को 10 दिन की समय सीमा पूरी होने के बावजूद अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। संघर्ष समिति ने मांग की है कि बीकानेर आईजी मामले की जांच एसओजी से करवाने के लिए अपना अनुशंसा पत्र तुरंत भेजें।
संघर्ष समिति के सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर, जो इस मुकदमे की अनुसंधान अधिकारी हैं, अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची हैं। साथ ही गोगामेड़ी पुलिस द्वारा गांव के निर्दोष लोगों को बेवजह प्रताड़ित किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई।
इस संबंध में संघर्ष समिति ने थानाधिकारी चंद्रकला को ज्ञापन सौंपकर निर्दोष लोगों को प्रताड़ित करना बंद करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रताड़ना के कारण भविष्य में कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
धरने के दौरान ब्लड मैन ऑफ इंडिया अमर सिंहना नायक भी पहुंचे और न्याय की इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का आश्वासन दिया।
धरने में नेठराणा, गोगामेड़ी, खचवाना, भरवाना, सरदारगढ़िया, परलीका, रामगढ़, उज्जलवास, ढूकड़ा, गुंजासरी, भोजासर, रामगढ़िया, करणपुरा, गढ़ी छानी, भादरा सहित अनेक गांवों से सैकड़ों लोग मौजूद रहे।