होली मिलन में सपा का सियासी रंग, स्थानीय चेहरे को जिम्मेदारी देने के संकेत
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में शनिवार को आयोजित समाजवादी पार्टी के होली मिलन समारोह में होली की रंगत के साथ सियासत भी जमकर दिखी। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने जहां कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं दीं, वहीं केंद्र और प्रदेश की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पूंजीपतियों की सरकार करार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बदलाव की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उन्होंने मीरगंज विधानसभा में स्थानीय कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देने के संकेत भी दिए, जिससे क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई।
पूर्व मंत्री ने कहा कि होली अच्छाई की बुराई पर जीत का पर्व है और समाज को भी इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारवान और शिक्षित बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि “पीढ़ी की दिशा ही देश की दशा तय करती है। जिस देश में संस्कार और शिक्षा की कमी हो जाती है, वहां भ्रष्टाचार और गलत नीतियों का बोलबाला हो जाता है।”
उन्होंने मौजूदा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ देश को विश्व गुरु बनाने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी ओर शिक्षा व्यवस्था कमजोर की जा रही है। उन्होंने जापान का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां एक छात्रा ने मेट्रो बंद होने से पढ़ाई प्रभावित होने की बात कहकर सरकार के फैसले को चुनौती दी और सरकार को निर्णय बदलना पड़ा। यही कारण है कि आज जापान तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि यदि वे जागरूक और जिम्मेदार बन जाएं तो देश को गलत दिशा में ले जाने वाली ताकतों को सत्ता से बाहर किया जा सकता है। साथ ही किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य और गरीबों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की बात भी कही।
समारोह के दौरान विधानसभा क्षेत्र से आए प्रधानों, पूर्व प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और पार्टी के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं ने आयोजक भद्रसेन गंगवार को मीरगंज विधानसभा से बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग उठाई। इस पर पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार और विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार ने भरोसा दिलाया कि पार्टी संगठन में स्थानीय कार्यकर्ता को ही प्राथमिकता दी जाएगी।
समारोह में लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष भावेश यादव, प्रवीण गंगवार, सेक्टर प्रभारी मीरगंज कुंवरसेन राजपूत, पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता मयंक शुक्ला उर्फ मोंटी, आलमपुर जाफराबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख आदेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिले और विधानसभा क्षेत्र से भारी संख्या में लोग पहुंचे। अंत में आयोजक भद्रसेन गंगवार ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।