संयुक्त टीम ने खत्म किया तालाब का गतिरोध, गांव में शांति के साथ रोजगार को बढ़ावा
करीब एक वर्ष से विवाद के चलते बन्द पड़े तालाब को आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद पैमाइश कराकर उसका निस्तारित कर दिया गया है। इसके साथ ही तालाब के पट्टा धारक के लिए मछली पालन का रास्ता भी साफ हो गया है। मामला शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत इटहिया और झूगहवा गांवों के बीच स्थित एक तालाब का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस तालाब का पट्टा रामकेश निषाद के नाम हुआ था, लेकिन दोनों गांवों के बीच सीमा विवाद के कारण पिछले लगभग एक वर्ष से इसमें मछली पालन का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। इस सम्बन्ध में पट्टा धारक रामकेश निषाद ने तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर तालाब की पैमाइश कराने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव के निर्देशन में राजस्व टीम एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचकर तालाब की पैमाइश कराई। पैमाइश के बाद मौके पर मौजूद लोगों को स्थिति स्पष्ट कर विवाद का समाधान कराया गया। पैमाइश के बाद विवाद समाप्त होने से अब तालाब में मछली पालन का कार्य शुरू होने की संभावना बढ़ गई है। इस दौरान कानूनगो रामजतन, बृजेश तिवारी, लेखपाल परमेन्द्र कुमार, जगदीश चौरसिया, योगेश कुमार, उपनिरीक्षक शिव शंकर शर्मा सहित रामकेश पासवान और राजेश यादव आदि मौजूद रहे।