पटना में बड़ा हादसा टला, डायल-112 की गाड़ी को हाईवा ने मारी टक्कर; 3 पुलिसकर्मी जिंदा जलने से बचे
पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार हाईवा ने डायल-112 की पुलिस गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भागने के दौरान हाईवा भखरी पुल के पास रेलिंग से टकरा गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते हाईवा धू-धू कर जलने लगी।
हादसे में डायल-112 की गाड़ी में सवार एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला कॉन्स्टेबल मुन्नी कुमारी और ड्राइवर दिलीप कुमार को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने हाईवा के क्लीनर पंकज कुमार को हिरासत में लिया है, जो जहानाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों के अनुसार वे छेड़खानी की सूचना पर गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी भखरी पुल के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी, जिससे पुलिस वाहन सड़क किनारे जा गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
महिला कॉन्स्टेबल ने बताया कि टक्कर के बाद वह डर से कांपने लगी थीं और उनके पैर में चोट आई है। वहीं एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी ने कहा कि टक्कर के बाद उनकी गाड़ी सड़क के एक तरफ जा फेंकी गई।
डायल-112 के ड्राइवर दिलीप कुमार ने बताया कि अगर हाईवा बीच से टकराती तो वाहन उनके ऊपर चढ़ सकता था और तीनों की जान जा सकती थी।
हाईवा में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक हाईवा पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
घटना के समय सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। पुलिस अब फरार ड्राइवर और हाईवा के मालिक की तलाश में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।