logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

25 मार्च को परिषदीय विद्यालयों में होगा ‘नवारम्भ उत्सव’ बालवाटिका में नामांकन बढ़ाने और अभिभावकों को जोड़ने के निर्देश

शाहजहांपुर। जनपद के सभी परिषदीय प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में 25 मार्च को एक साथ ‘नवारम्भ उत्सव’ मनाया जाएगा। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) दिव्या गुप्ता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

बीएसए ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने और बालवाटिका में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को तीन हजार रुपये की ग्रांट भी उपलब्ध कराई जा चुकी है।

अभिभावकों को किया जाएगा आमंत्रित

निर्देश दिए गए हैं कि को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में विशेष गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकत्री अपने क्षेत्र के 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की पहचान कर उनके अभिभावकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।

बच्चों के लिए होंगी रचनात्मक गतिविधियां

कार्यक्रम के दौरान 3 से 4 वर्ष के बच्चों का बालवाटिका में प्रवेश कराया जाएगा। साथ ही बच्चों से रेत, मिट्टी या बालू पर लेखन और आकृति बनाने जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी कराई जाएंगी, जिससे उनमें सीखने की रुचि विकसित हो सके।

कक्षा एक में प्रवेश के लिए भी प्रेरित किया जाएगा

बीएसए ने बताया कि 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों, जिनकी आयु छह वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके अभिभावकों को कक्षा एक में प्रवेश दिलाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों और समुदाय के सहयोग से नवारम्भ उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक और प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो सके।

0
838 views

Comment