ब्रेकिंग न्यूज़: तालाब और खाद गड्ढों पर भू-माफियाओं का कब्जा! ललुआ मऊ में धड़ल्ले से हो रहा अवैध निर्माण, प्रशासन बेखबर
सवाजपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत ललुआ मऊ में इन दिनों भू-माफियाओं का आतंक तेजी से बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। ग्राम समाज की जमीन, विशेष रूप से तालाब और खाद गड्ढों की भूमि पर खुलेआम अवैध निर्माण का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार गाटा संख्या 663, 398, 397 और 396 की भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में तालाब और खाद गड्ढों के रूप में दर्ज बताई जा रही है, उस पर लगातार निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दबंग किस्म के लोग सरकारी जमीन पर कब्जा करने के इरादे से तेजी से पक्के निर्माण करवा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध निर्माण को नहीं रोका गया, तो आने वाले समय में ग्राम समाज की महत्वपूर्ण भूमि पूरी तरह से कब्जे में चली जाएगी। तालाब और खाद गड्ढे गांव के पर्यावरण, जल संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं, लेकिन इन पर कब्जा होने से गांव की व्यवस्था पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर अवैध निर्माण को रोका जाए और ग्राम समाज की जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि गांव की सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रह सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेकर भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा, या फिर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा?