आज रायपुर में कर्मवीर सम्मान से सम्मानित होंगे शिक्षक दिनेश कुरेटी
राजनांदगांव:शिक्षा,कला,साहित्य एवं समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में विगत 28 वर्षों से लगातार रचनात्मक एवं प्रभावशाली कार्य करने वाले छुरिया विकास खंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी के नवाचारी शिक्षक दिनेश कुमार कुरेटी आज 15 मार्च रविवार को राजधानी रायपुर के सिविल लाइन में स्थित वृंदावन सभा हाॅल में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के प्रांतीय सम्मान समारोह में कर्मवीर सम्मान से सम्मानित होंगे।
शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के प्रांतीय उपाध्यक्ष महादेव जायसवाल एवं राजनांदगाँव जिला इकाई के अध्यक्ष मदन मंडावी ने बताया कि आज 15 मार्च रविवार को महिला दिवस,संस्था के वार्षिक सम्मेलन एवं उत्कृष्ट व्यक्ति सम्मान समारोह के तहत राज्य स्तरीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित है जिसमें शिक्षक,कला,साहित्य,समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छत्तीसगढ़ प्रांत के उत्कृष्ट व्यक्तियों का स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर राज्य स्तर पर सम्मानित किया जायेगा। इसी कड़ी में राजनांदगाँव जिला के अंतर्गत छुरिया विकास खंड के आदिवासी बाहुल्य ग्राम बूचाटोला निवासी,आदिवासी समाज प्रमुख, एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कल्लूबंजारी के उत्कृष्ट व नवाचारी शिक्षक दिनेश कुमार कुरेटी को भी कर्मवीर सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।
कार्यक्रम के मुख्यअतिथि छत्तीसगढ़ के केबीनेट मंत्री गुरू खुशवंत साहेब होंगे।अध्यक्षता छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष मोना सेन करेंगे। विशिष्ट अतिथि सारंगढ़ के विधायक उत्तरी जांगड़े,बिलाईगढ़ के विधायक कविता प्राण लहरे एवं सरायपाली के विधायक चातुरी नंद होंगे। जिनके करकमलों से छत्तीसगढ़ प्रांत के पांचो संभाग के विभिन्न जिलों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर कर्मवीर सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए श्री कुरेटी के शुभचिंतकों ने बधाई दी है।