logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धनबाद में 1400 किलो मिलावटी पनीर और नकली घी जब्त, बस छोड़ने पर प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल।

धनबाद में फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना से आ रही बस से भारी मात्रा में मिलावटी पनीर और नकली घी बरामद किया। हालांकि कार्रवाई के बाद बस को छोड़ दिए जाने से जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल खड़े हो गए हैं।

फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने गुरुवार तड़के करीब तीन बजे पटना से आ रही बुंदेला एसी बस से करीब 1400 किलो मिलावटी पनीर और 90 किलो नकली घी बरामद किया। मौके पर ही पनीर का स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें नमूने फेल पाए गए। इसके बाद खाद्य सामग्री के सैंपल आगे की रासायनिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए।

लेकिन इतनी बड़ी कार्रवाई के बावजूद बस को रात में छोड़ दिए जाने से प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने के बाद भी बस को छोड़ देना प्रशासन की बड़ी चूक है। उनका मानना है कि इससे मिलावटी खाद्य पदार्थों के अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जुलाई 2025 में भी इसी बुंदेला बस से करीब 900 किलो मिलावटी पनीर और लड्डू बरामद किए गए थे। उस समय भी यह खेप शहर के कई होटलों और रेस्टोरेंट में सप्लाई होने वाली थी।

बार-बार एक ही बस का नाम सामने आने से अब यह मामला संगठित मिलावटी खाद्य पदार्थ तस्करी की ओर इशारा कर रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस मामले में बस मालिक और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

8
7104 views

Comment