महराजगंज में गैस संकट पर सपा का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। जिले में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने गैस संकट को गंभीर जनसमस्या बताते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
सपा नेताओं का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से हजारों घरों में रसोई का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं व्यवसायिक गैस की कमी के कारण होटल, ढाबे और छोटे खाद्य प्रतिष्ठान भी परेशानी झेल रहे हैं।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से जिले के कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और कालाबाजारी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। कई स्थानों पर गैस सिलेंडर निर्धारित कीमत से अधिक दामों पर बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
सपा पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जिले में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की आपूर्ति तत्काल सुचारू कराई जाए तथा कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही इस समस्या के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध भी उचित कार्रवाई की जाए।
नेताओं ने कहा कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और गैस एजेंसियों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगाई जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ठोस कदम उठाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।