बख्तियारपुर में बाइक-रिक्शा की टक्कर, 16 वर्षीय किशोर की मौत।।
पटना जिले के बख्तियारपुर में बाइक और बैटरी रिक्शा की टक्कर में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार (13 मार्च) को पुरानी बाईपास इलाके में हुआ।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सर्वोत्तम कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
सर्वोत्तम कुमार बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रवाइच गांव निवासी हरिओम सिंह का पुत्र था। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरेश कुमार सिन्हा ने बताया कि स्थिति गंभीर होने के कारण उसे पटना के पीएमसीएच भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। एएसआई पिंकू कुमार ने बताया कि घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और परिजनों को सूचना दी गई।
परिजन उसे इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सर्वोत्तम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।