10 साल के कानूनी संघर्ष के बाद मालिक को मिला दुकान का कब्जा
आसनसोल :- आसनसोल शहर के एसबी गोराई रोड स्थित मैदाकल इलाके में एक लंबे कानूनी विवाद के बाद गुरुवार को अदालत के आदेश पर एक दुकान का कब्जा उसके मूल मालिक को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, संदीप सकुजा ने वर्ष 2015 में यह दुकान किराए पर दी थी, लेकिन आरोप है कि किराएदार ने महज कुछ महीनों बाद ही किराया देना बंद कर दिया। एग्रीमेंट की सीमा समाप्त होने और बार-बार नोटिस के बावजूद दुकान खाली नहीं की गई, जिसके बाद मामला अदालत पहुँचा। कोर्ट ने दुकान खाली करने का फैसला सुनाया था, जिसके क्रियान्वयन के लिए 12 मार्च की तिथि निर्धारित की गई थी। गुरुवार को आसनसोल जिला अदालत के नाजिर और पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान का ताला तोड़कर कब्जा लेने की प्रक्रिया पूरी की गई। मालिक संदीप सकुजा का दावा है कि पिछले 10 वर्षों में बिना ब्याज के लगभग 36 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया है।