सारंगढ़:गैस एजेंसियों को कलेक्टर की चेतावनी: कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं, जांच में 11 सिलेंडर जब्त…।
सारंगढ़/ भटगांव। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सख्त रुख अपनाते हुए गैस एजेंसी संचालकों को पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में 13 मार्च 2026 को शाम 4 बजे कलेक्टर की अध्यक्षता में गैस एजेंसी संचालकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य अधिकारी, सहायक खाद्य अधिकारी, नोडल आईओसीएल तथा जिले के सभी गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की मांग के अनुसार पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी या वितरण में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रहे और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए।
इस संबंध में जिले की सभी तहसीलों में तहसीलदार और सहायक खाद्य अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम गठित की गई है, जो गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रही है। जांच के दौरान पिछले तीन दिनों में 11 सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती साफ नजर आ रही है।
कलेक्टर ने बैठक में दोहराया कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जिले में गैस वितरण व्यवस्था को पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।