सिसैया साहब और पसगवां ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों पर उठे सवाल, भाकियू भानु कराएगी जांच
पीलीभीत। बिलसंडा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिसैया साहब और पसगवां में अब तक कराए गए विकास कार्यों को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने दोनों ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की रणनीति तैयार कर ली है। संगठन का आरोप है कि कई विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर संदेह है।भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम पंचायतों में इंटरलॉकिंग सड़कों, सीसी रोड, नालियों, मनरेगा कार्यों, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, वृक्षारोपण और पथ प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न योजनाओं के तहत लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। लेकिन जमीनी स्तर पर इन कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविकता पर ग्रामीणों द्वारा लगातार सवाल उठाए जा चुके हैं।लेकिन मामलों को ठंडे बस्ते में दबा दिया गया है।संगठन के नेताओं का कहना है कि कई स्थानों पर विकास कार्य अधूरे हैं, जबकि कुछ जगहों पर मानकों के विपरीत निर्माण होने की शिकायतें सामने आई हैं। लोगों का आरोप है कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद अपेक्षित स्तर का विकास नहीं दिखाई दे रहा।भाकियू भानु ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक प्रशासन और जिला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने तथा उच्च स्तरीय जांच कराने की रणनीति बनाई है। संगठन ने साफ कहा है कि यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संगठन किसानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का पैसा जनता के हित के लिए है और उसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाकियू भानु का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी से मिलकर जांच की मांग की जाएगी, ताकि पंचायतों में हुए विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।