logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों से जनता परेशान,भाजपा सरकार नाकाम: चुम्मन साहू

छुरिया। प्रदेश में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने और सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि को लेकर जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से घरेलू गैस की आपूर्ति प्रभावित है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारें लग रही हैं, फिर भी लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
चुम्मन साहू ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर बोझ डाल रही है, वहीं दूसरी ओर गैस की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। हाल ही में घरेलू गैस के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे महंगाई की मार झेल रही जनता और ज्यादा परेशान हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग की व्यवस्था भी चरमरा गई है। कई जगह बुकिंग नंबर बंद या सर्वर डाउन होने की शिकायतें आ रही हैं, जिसके कारण लोगों को सिलेंडर बुक कराने में भी दिक्कत हो रही है। पहले जहां सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए 21 दिन का अंतराल होता था, अब उसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, जिससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में गैस की उपलब्धता और आपूर्ति में गंभीर समस्या है।
चुम्मन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार विकास और राहत के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ता जा रहा है। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और अब उसकी किल्लत गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए दोहरी मार बन गई है।
उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

5
287 views

Comment