प्राथमिक विद्यालय बेरिया में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मोहा मन
बहराइच विकासखंड चित्तौरा के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय बेरिया में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग कुमार मिश्र द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने सामाजिक बुराइयों को दूर करने, शिक्षा के महत्व को समझाने और विशेष रूप से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “बेटी है अनमोल रत्न” तथा “पढ़ने का कुछ करो जतन” जैसे प्रेरणादायक विषयों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर अभिभावकों को बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
इसके अलावा देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां “देश रंगीला” और “आजादी की खुली हवा” ने भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शशि लता सिंह ने किया। इस अवसर पर विकासखंड चित्तौरा के एआरपी कुमार अभय और सुरेश कुमार यादव, पूर्व एबीआरसी राजेश कुमार मिश्र, ओंकार नाथ कौलिया, सहायक अध्यापक सुनील कुमार कनौजिया, शिक्षा मित्र रमा विश्वास व बेनज़ीर हैदर, एजुकेट गर्ल संस्था से कुमारी प्रिया वर्मा और कार्यकर्ता बेबी सोनी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रंजीत दास, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अलोक वर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।