प्रेमिका की खातिर दोस्त ने की दोस्त ने की बेरहमी से हत्या, दो सगे भाइयों ने कुल्हाड़ी से काटा गला — पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
दौड़ लगाने के बहाने बुलाकर दिया वारदात को अंजाम, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोबाइल व जले कपड़ों की राख बरामद
एटा 13 मार्च 2026 थाना निधौली कलां क्षेत्र में हुई युवक की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े, जूते व बेल्ट की जली हुई राख बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी जलेसर के नेतृत्व में थाना निधौली कलां पुलिस तथा सर्विलांस/एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस हत्याकांड का खुलासा किया गया।
यह था मामला–ग्राम जौहरपुर निवासी वादी ने 6 फरवरी 2026 को थाना निधौली कलां में सूचना दी थी कि उसका पुत्र धर्मेन्द्र प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 4:30 बजे दौड़ने के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश करने पर उसका शव गांव के ही विजय सिंह के सरसों के खेत में पड़ा मिला। अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला काटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मोहित कुमार ने बताया कि वह गांव की एक लड़की से करीब चार माह से प्रेम करता था। कुछ समय पहले उसे पता चला कि वही लड़की उसके दोस्त धर्मेन्द्र से भी बात करती है। इसी बात को लेकर वह धर्मेन्द्र से रंजिश रखने लगा और उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली।
मोहित ने अपने छोटे भाई रवि कुमार को भी साजिश में शामिल कर लिया। 5 फरवरी को उसने एक कुल्हाड़ी खरीदकर खेत में छिपा दी।
दौड़ के बहाने बुलाकर की हत्या
6 फरवरी की सुबह करीब 3:45 बजे मोहित ने धर्मेन्द्र को फोन कर दौड़ लगाने के बहाने बुलाया। पहले से घात लगाए बैठे मोहित और रवि ने बंबे के पास धर्मेन्द्र के गले में फंदा डालकर उसे बेहोश कर दिया और सरसों के खेत में ले जाकर कुल्हाड़ी से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी।
वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने मृतक का मोबाइल बंद कर सिम तोड़ दी और कुल्हाड़ी व मोबाइल को बंबे के किनारे छिपा दिया। वहीं घटना के समय पहने गए जूते, कपड़े और बेल्ट को नूहखेड़ा नहर बंबा के पास झाड़ियों में थैले सहित जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपी
मोहित कुमार (20) पुत्र लेखपाल
रवि कुमार (18) पुत्र लेखपाल
निवासी ग्राम जौहरपुर, थाना निधौली कलां, जनपद एटा।
बरामदगी–पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मृतक का मोबाइल फोन तथा जले हुए कपड़े, जूते और बेल्ट की राख बरामद की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।