झारखंड विधानसभा में अपनी ही सरकार पर बरसे JMM विधायक हेमलाल मुर्मू, अफीम की खेती को लेकर उठाए सवाल
झारखंड की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब विधानसभा के भीतर ही सत्तारूढ़ दल JMM के विधायक हेमलाल मुर्मू ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। विधानसभा की कार्यवाही के दौरान उन्होंने राज्य में तेजी से बढ़ रही अफीम की अवैध खेती को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि राज्य में अफीम की खेती पहले करीब 2 हजार एकड़ में होती थी, जो अब बढ़कर लगभग 27 हजार एकड़ तक पहुंच गई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर गृह विभाग क्या कर रहा है और पुलिस इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।
उन्होंने विधानसभा में सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि अगर समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य में अवैध कारोबार और अपराध को बढ़ावा मिलेगा। उनके इस बयान के बाद सदन में कुछ देर के लिए राजनीतिक माहौल गरमा गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सत्तारूढ़ दल के विधायक द्वारा ही सरकार पर सवाल उठाना राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर संकेत देता है। वहीं विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है।