अजय चौटाला के जन्मदिन पर हांसी में उमड़ पड़ा जन सैलाब*
*
हरियाणा, *हांसी, 13 मार्चः* जनजनायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जननायक स्व.चौ देवी लाल के पौते.. डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिवस पर हांसी में आयोजित हरियाणा जनचेतना दिवस पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हरियाणा ही नहीं राजस्थान, पंजाब, उत्तरप्रदेश, दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों से आए नेताओं ने डॉ. अजय सिंह चौटाला को शुभकामनाएं दी। रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो हांसी की अनाज मंडी में अजय सिंह चौटाला के चाहने वालों का समंदर हिलोरे ले रहा हो। हांसी अनाज मंडी का सबसे बड़ा पांडाल छोटा पड़ गया। हालात यह थे कि आसपास की सड़कों व अनाज मंडी की दुकानों के बरामदों और छतों पर भी लोग डॉ. अजय सिंह चौटाला के विचारों को सुनने के लिए खड़े थे। रैली में उमड़े जनसमूह से प्रदेश के युवाओं में नये जोश का नजारा देखने को मिला। रैली की भीड़ ने न केवल कार्यकर्ताओं की एकजुटता दिखाई बल्कि आने वाले समय के लिए एक मजबूत राजनीतिक संदेश भी दिया। हरियाणा जनचेतना दिवस रैली में युवा जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम की शुरूआत में सभी नेताओं ने जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान शहर की कई सामाजिक संस्थाओं, खाप प्रतिनिधियों तथा 100 से भी ज्यादा अजय सिंह चौटाला के सहपाठी एवं मित्रों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त शहर की कई संस्थाओं ने भी डॉ अजय सिंह चौटाला को उनके जन्मदिवस पर सम्मानित किया।
*उत्तर भारत के क्षेत्रिय दलों ने जेजेपी के मंच पर आकर सबको चौंकाया*
*हांसीः* जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिवस पर आज नवगठित जिले हांसी में भाजपा के खिलाफ क्षेत्रिय दल एक मंच पर आए। इन नए क्षेत्रिय दलों का एक मंच पर जुगलबंदी करना भारतीय जनता पार्टी के लिए हरियाणा में एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। जेजेपी ने हरियाणा में सत्तारूढ़ दल के लिए चुनौती पेश करने का खाका तैयार कर लिया है। हांसी की अनाज मंडी में जेजेपी के मंच पर पहुंचे उत्तरप्रदेश आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री अकाली नेता परमिंद्र सिंह ढींढसा, पंजाब के पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह छोटेपुर, राजस्थान से माकपा व किसान नेताओं, जेजेपी के राजस्थान अध्यक्ष पिरथी सिंह मील, दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष दिनेश डागर, हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। जेजेपी नेताओं सहित अन्य क्षेत्रिय दलों के नेताओं ने आक्रामक अंदाज में भाजपा को देश और प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। जनचेतना दिवस रैली में विभिन्न राज्यों के नेताओं ने जेजेपी के मंच से एक साथ हुंकार भर कर आने वाले समय में उत्तर भारत की राजनीति में बड़े बदलावों के संकेत दिए हैं।
*हरियाणवी किसानी की निशानी रबी फसलों के बुके और बैल गाड़ी के स्मृति चिन्ह देकर किया मेहमानों का स्वागत*
*हांसीः* हरियाणा जनचेतना दिवस रैली में दूसरे प्रदेशों से मेहमानों के रूप में आए नेताओं का स्वागत एकदम अलग ही अंदाज में किया गया। रैली में पहुंचने पर मेहमानों का फूलों के बुके की बजाय हरियाणवी किसानी की निशानी के तौर पर गेहूं की बालियों, चने व सरसों के पौधों के बुके व बैल गाड़ी का स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। कृषि प्रधान प्रदेश के तौर पर पहचान रखने वाले हरियाणा प्रदेश में आए अतिथि ऐसा अनूठा अभिनंदन पाकर गदगद नजर आए। दूसरे प्रदेशों से पहुंचे नेताओं ने कहा कि किसान और किसानी के सम्मान के बिना हरियाणा प्रदेश ही नहीं भारत देश में भी किसी पार्टी संगठन की नींव मजबूत नहीं हो सकती। ऐसे स्वागत से पता चलता है कि जननायक जनता पार्टी किसानों के हितों को सर्वोपरि रखती है।
*झलकियां*
-हरियाणा की 90 की 90 विधानसभा क्षेत्रों से अपने-अपने वाहनों पर हलके के नाम वाले स्टीकर लगाकर लोग रैली में पहुंचे।
-हांसी के चारों तरफ के रास्तों पर रैली में पहुंचने वाले वाहनों के कारण काफी देर तक लम्बा जाम रहा
-रैली में युवाओं की हाजिरी जहाँ उल्लेखनीय रही वहीं ढोल व डीजे आदि पर झूमते नाचते पहुंचे युवाओं ने रैली स्थल और आसपास क्षेत्र को नए जोश से भर दिया।
-जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला को जन्मदिवस की बधाई के लिए अधिकतर नेता व कार्यकर्ता बुके लेकर पहुंचे जिसके चलते मंच पर फूल मालाओं व बुकों का ढेर लग गया।
-डॉ. अजय सिंह, दुष्यंत और दिग्विजय के सम्बोधनों के समय काफी देर तक जयकारों के नारों से पांडाल गुंजायमान रहा।
-हरी-पीली चुनरी ओढ़े मांगलगीत गाते हुए पहुंची महिलाओं की हजारों टोलियों ने रैली की शान में चार-चाँद लगाने का काम किया।
-हरियाणा जनचेतना दिवस रैली स्थल व आसपास का पूरा क्षेत्र नेताओं व समर्थकों द्वारा डॉ. अजय सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाओं के होर्डिंग से अटा था।
-पूरे रैली स्थल व आसपास क्षेत्र में जननायक ताऊ देवीलाल, मुलायम सिंह यादव, डॉ. बीआर अम्बेडकर, स्व. ओमप्रकाश चौटाला, डॉ. अजय सिंह चौटाला, नैना चौटाला, दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला, बृज शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के बड़े-बड़े कट-आउट भी लोगों का ध्यान खींच रहे थे।