नंबर प्लेट हटाकर भाग रहे थे अपराधी, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा।
सिद्धार्थनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना 12 और 13 मार्च की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे सनई-शोहरतगढ़ मार्ग पर पतसिया के पास हुई।
पुलिस ने इनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक इनोवा कार, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। एसओजी प्रभारी मिथिलेश कुमार राय अपनी टीम के साथ कोतवाली नौगढ़ पुलिस के सहयोग से साड़ी तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार तेज गति से आती दिखाई दी।
पुलिस ने उसे रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक गाड़ी रोकने के बजाय तेजी से भागने लगा। भागते समय वाहन डिवाइडर से टकरा गया और फिर शोहरतगढ़ की ओर बढ़ गया। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष और आसपास की पुलिस टीमों को दी गई।
थानाध्यक्ष अभय सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके की ओर रखाना हुए। पीछे से मिथिलेश कुमार राय अपनी एसओजी टीम और कोतवाली नौगढ़ पुलिस के साथ बदमाशों का पीछा करते रहे।
एसओजी टीम की गाड़ी में लगी गोली
कुछ ही दूरी पर सनई-शोहरतगढ़ मार्ग स्थित पतसिया के पास पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। घिरते देख बदमाश इनोवा से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। एक गोली एसओजी टीम की गाड़ी में लगी, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने उसके साथी को मौके से ही पकड़ लिया। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और लूटी गई इस कार को नंबर प्लेट हटाकर नेपाल में तस्करी के लिए ले जाने की तैयारी में थे।
बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए बदमाशों की पहचान अंकित कुमार निवासी भरतपुर थाना महुआ जिला वैशाली (बिहार) और विजय सिंह निवासी आमी थाना अवतारनगर जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई। मुठभेड़ में घायल अंकित कुमार को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
चालक को नशीला पदार्थ पिलाया
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को उन्होंने नौगढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से इनोवा कार बुक कराई थी। रास्ते में बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के पास उन्होंने वाहन चालक को नशीला पदार्थ पिला दिया और कार लेकर फरार हो गए। इस मामले में वाहन स्वामी नागेंद्र गुप्ता निवासी शिवपुरी कॉलोनी शास्त्री नगर थाना कोतवाली नौगढ़ की तहरीर पर 22 फरवरी को कोतवाली नौगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
नंबर प्लेट हटाकर बेचने की योजना थी
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे इनोवा कार की नंबर प्लेट हटाकर उसे नेपाल ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी मिथिलेश कुमार राय, शोहरतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, जोगिया उदयपुर थानाध्यक्ष अभय सिंह, उपनिरीक्षक विजयशंकर सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, हेड कांस्टेबल राजीव शुक्ला, मनोज राय, दिलीप कुमार, आशुतोष दूबे, पुष्पेंद्र गौतम, कांस्टेबल वीरेंद्र तिवारी, सत्येंद्र यादव, छविराज यादव, कृष्णपाल और धर्मनाथ सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने इस मामले में जोगिया उदयपुर थाने में मुठभेड़ और अवैध हथियार से संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।