मकान विवाद में दबंगई का आरोप, परिवार को मिली जान से मारने की धमकी; एसपी से लगाई गुहार
सोनू महाराज
कालपी के मोहल्ला भट्टीपुरा में मकान विवाद को लेकर दबंगई और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित कृष्ण मुरारी दीक्षित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है
पीड़ित के अनुसार वह वर्ष 2005 से अपनी पत्नी और दो पुत्रों के साथ मकान में रह रहे हैं, जबकि उक्त संपत्ति को लेकर सिविल मामला उरई की अदालत में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष लगातार दबाव बनाकर मकान खाली कराने की कोशिश कर रहा है।
आरोप है कि 4 मार्च 2026 की रात करीब 7:25 बजे नीलाभ शुक्ला, मनोज पांडेय, दीपक शर्मा समेत 10–15 लोग कथित रूप से नशे की हालत में घर के बाहर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए दरवाजा पीटने लगे। उस समय घर में पीड़ित की पत्नी और छोटा बेटा मौजूद थे, जिससे दोनों सहम गए और मोहल्ले में दहशत फैल गई
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि 11 मार्च को निधि व्यास ने उन्हें एक होटल में बुलाकर मकान खाली करने का दबाव बनाया, जबकि 12 मार्च को पुलिस द्वारा थाने ले जाकर कथित रूप से कागज पर जबरन लिखवाने का दबाव डाला गया
पीड़ित ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है