logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सरायकेला में होमगार्ड भर्ती की तैयारी तेज, 17 मार्च से शारीरिक व लिखित परीक्षा

सरायकेला।सरायकेला-खरसावाँ जिला में ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों (होमगार्ड) के नामांकन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 17 मार्च से आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है।शुक्रवार को जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत ने संयुक्त रूप से बिरसा मुंडा स्टेडियम पहुंचकर परीक्षा से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया।

मैदान की सफाई और ट्रैक की स्थिति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मैदान की साफ-सफाई, रनिंग ट्रैक की स्थिति तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।उन्होंने मैदान परिसर में जगह-जगह सूचना पट्ट और दिशा-निर्देश संबंधी साइनबोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े।

परीक्षा में रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम

पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत ने बताया कि भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।

सहायता, चिकित्सा और पंजीकरण केंद्र की व्यवस्था

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने परीक्षा स्थल पर सहायता केंद्र, चिकित्सा केंद्र और पंजीकरण केंद्र सहित अन्य आवश्यक स्टॉल स्थापित करने का निर्देश दिया है। इससे अभ्यर्थियों को किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

सुबह 5 बजे से पहुंचेंगे अभ्यर्थी

उपायुक्त ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 5:00 बजे से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा, ताकि चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से समय पर पूरा किया जा सके।

परीक्षा केंद्र में केवल अभ्यर्थियों को मिलेगा प्रवेश

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि परीक्षा केंद्र बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। उनके साथ आने वाले परिजनों को निर्धारित स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0
8 views

Comment