logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

Jhalawar Accident: भीषण सड़क हादसे में बहन के सामने भाई की दर्दनाक मौत, बेटे का इलाज करवाने जा रही थी अस्पताल

National Highway-52 Accident: नेशनल हाईवे-52 पर गुरुवार को गांव कटफला के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों को संभालने में मदद की।

बाइक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर
पुलिस के अनुसार अकलेरा से करीब 8KM दूर कटफला के पास झालावाड़ की ओर से आ रही बाइक और अकलेरा की ओर से जा रही कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी।

हादसे में बाइक चालक अमन जाट (22) निवासी हीरियाखेड़ी थाना सुकेत की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी बहन रेखा बाई (25) और तीन वर्षीय भांजा इशू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रेफर किया गया। बताया गया कि अमन अपनी बहन के बच्चे का इलाज कराने हरियाखेड़ी से अकलेरा आ रहा था।

कार सवार भी हुए घायल
कार में सवार रामनारायण राठौर (56), संजय राठौर (36) और उर्मिला राठौर (55) घायल हो गए, जबकि रिंकू राठौर को चोट नहीं आई। उर्मिला राठौर लकवा रोग के उपचार के लिए कोटा जा रही थीं। सभी घायलों को सीएचसी अकलेरा लाया गया।

सूचना मिलने पर थानाधिकारी धर्माराम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को एसआरजी अस्पताल झालावाड़ रेफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Aima media झालावाड़




1
303 views

Comment