ट्रिपल मर्डर केस में चार अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी
ब्रेकिंग फतेहपुर
ट्रिपल मर्डर केस में चार अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी, अस्पताल से कोर्ट तक छावनी बना शहर
फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पप्पू, संजय सिंह, शुभम और सोनू शामिल हैं, जो पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और फिर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय में पेश किया। इस दौरान जिला अस्पताल से लेकर कोर्ट परिसर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। PAC समेत कई थानों की पुलिस बल तैनात रहा।
बताया जा रहा है कि इस मामले में मृतक अमर के पिता सुनील श्रीवास्तव की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। वहीं मृतक के पास से मिले एक सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
ट्रिपल मर्डर केस में अधिवक्ताओं का नाम सामने आने के बाद बार एसोसिएशन में भी नाराजगी देखी गई। हालांकि वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मौजूदगी में चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद न्यायालय के आदेश पर सभी को जिला कारागार भेज दिया गया।
वहीं इस मामले में फरार चल रहे राहुल श्रीवास्तव की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।