logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सदन में गूंजी सहसपुर की आवाज, विधायक पुंडीर ने नियम 300 के तहत उठाए जनहित के मुद्दे

सदन में गूंजी सहसपुर की आवाज, विधायक पुंडीर ने नियम 300 के तहत उठाए जनहित के मुद्दे

​विकासनगर/देहरादून।
विधानसभा बजट सत्र के दौरान सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने क्षेत्र की तीन ज्वलंत समस्याओं को नियम 300 के अंतर्गत सदन के पटल पर रखा। विधायक ने शीशमबाड़ा कूड़ा घर, भू-माफियाओं के बढ़ते दखल और मालदुंग जलाशय योजना में हो रही देरी को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

​विधायक पुंडीर ने सदन को अवगत कराया कि सेलाकुई स्थित शीशमबाड़ा ट्रेचिंग ग्राउंड से उठने वाली दुर्गंध के कारण 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाली आबादी का जीवन नारकीय हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में नगर निगम बोर्ड द्वारा इसके स्थानांतरण का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे स्थानीय जनता में भारी रोष है।

​इसके साथ ही क्षेत्र में सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जों और अभिलेखों में हेराफेरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने की मांग की। पेयजल और सिंचाई संकट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में घोषित मालदुंग जलाशय योजना की डीपीआर 8 साल बाद भी अधर में लटकी है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन जनहित के विषयों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन की स्थिति पैदा हो सकती है।

103
5864 views

Comment