विदिशा विधायक, पंचायत अध्यक्ष एवं नगरपालिका अध्यक्ष विश्व महिला दिवस पर अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
विश्व महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह आयोजित, समारोह में पुलिस, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान*
आयोजन के दौरान महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष जानकारी साझा की दी गई ।
विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज दिनांक 12 मार्च 2026 को विदिशा के रवींद्रनाथ टैगोर भवन में महिला सशक्तिकरण एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राकेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने महिलाओं को सम्मानित करते हुए समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई। इस अवसर पर महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में बढ़ते योगदान की सराहना की गई तथा उन्हें समाज के विकास में समान भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती रेखा दुबे ने कविता प्रस्तुति देकर आयोजन को और प्रभावशाली बनाया।
इस दौरान यूपीएससी-2025 परीक्षा में 260वीं रैंक प्राप्त करने वाली सुश्री प्राची चौहान का विशेष रूप से सम्मान किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से श्रीमती कृतिका व्यास एवं संतोष रघुवंशी भी उपस्थित रहे। विभाग द्वारा “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2024–25 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली 38 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। प्रत्येक बालिका को ₹5000, स्मृति चिन्ह और सर्टिफिकेट प्रदान किए गए, कुल राशि ₹1,90,000। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाना है।
पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस विभाग में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान एसडीओपी बासौदा श्रीमती शिखा भलावी, एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह, करारिया थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी, महिला शाखा प्रभारी, सूबेदार सहित वन स्टॉप सेंटर महिला विकास प्रभारी को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को लेकर वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और आज बेटियां शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले समाज में बेटा और बेटी के बीच भेदभाव होता था, लेकिन अब समय बदल गया है। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेदों के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, समानता और सम्मानजनक जीवन के अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से समान अवसर और अधिकार देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पुलिस विभाग द्वारा संचालित महिला ऊर्जा डेस्क, महिला हेल्पलाइन, सती मां कोचिंग, पुलिस लर्निंग सेंटर, निर्भया मोबाइल, शक्ति मोबाइल और नगर रक्षा समिति जैसी पहलों की जानकारी साझा की, तथा महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा से बचाव के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में माननीय विधायक श्री मुकेश टंडन ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए लाडली बहन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और अन्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में उपस्थित महिलाओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएं सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में कठिनाइयों और बाधाओं के बावजूद लगातार संघर्ष करती रही हैं और अपनी मेहनत और लगन से समाज और परिवार का मान बढ़ाया है। विधायक जी ने महिलाओं की इस संघर्ष गाथा को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें समान अवसर और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी लटेरी श्री अमरेश बोहरे, एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह, एसडीओपी बासौदा श्रीमती शिखा भलावी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी - कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों की महिलाएं भी उपस्थित रहीं।